खरसिया में 66.84 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सीएम साय ने की कई घोषणाएँ

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को खरसिया में 66.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने करीब 20 करोड़ रुपये की नई घोषणाएँ भी कीं। इनमें 10 करोड़ से बाईपास सड़क, 2 करोड़ से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल की मरम्मत तथा 8 करोड़ से नगर पालिका क्षेत्र में अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में सीएम साय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और अटल परिसर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि अटल विश्वास पत्र की घोषणाओं को पूरा किया जा रहा है और अब तक नगरीय निकायों के लिए सात से आठ हजार करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1000 रुपये मिल रहे हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और तेंदूपत्ता का समर्थन मूल्य 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि 4000 पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जाएंगे, जिससे गांव में ही बैंकिंग और सरकारी सेवाएँ उपलब्ध होंगी।

सीएम साय ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई से कराई जा रही है। वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण खरसिया शहर के लिए बड़ी आवश्यकता थी। लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल दो से तीन वर्षों में तैयार होगा।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि अब तक किसानों को 3716 करोड़ रुपये का बोनस दिया गया है और रेडी-टू-ईट का जिम्मा फिर से महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि अटल परिसर का लोकार्पण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button