20 साल छोटी कांग्रेस नेत्री संग विवाह की तस्वीरों से चर्चा में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी, सोमवार को रखेंगे पक्ष

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह राजनीतिक नहीं बल्कि उनके निजी जीवन से जुड़ी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर उनके विवाह से संबंधित कुछ तस्वीरें वायरल होने के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों को लेकर दावा किया जा रहा है कि दीपक जोशी ने कांग्रेस की एक नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से विवाह किया है, जो उनसे उम्र में लगभग 20 साल छोटी बताई जा रही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि यह विवाह 4 दिसंबर को भोपाल स्थित एक आर्य समाज मंदिर में हुआ। हालांकि इन तस्वीरों और दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी भी सामने आई है कि दो अन्य महिलाओं ने भी दीपक जोशी से विवाह के दावे किए हैं, जिसके बाद मामला और गरमा गया है। इस पूरे प्रकरण पर दीपक जोशी का कहना है कि कुछ मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिन पर वे फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
दीपक जोशी ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि जीवन में यश और अपयश दोनों आते हैं। जिस परिवार से वे आते हैं, उसकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सोमवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वे पूरे मामले पर अपना पक्ष रखेंगे।
राजनीतिक करियर की बात करें तो दीपक जोशी देवास जिले की हाटपिपल्या विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री भी रहे हैं। वर्ष 2018 में उन्हें चुनावी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हुए और खातेगांव सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ समय पहले वे फिर से भाजपा में लौट आए। वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान उनकी पत्नी विजिया जोशी का निधन हो गया था।
फिलहाल वायरल तस्वीरों और दावों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं जारी हैं, जबकि सभी की नजरें अब दीपक जोशी की सोमवार को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई हैं।





