इंदौर के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर खुरासिया बने केरल टीम के मुख्य कोच

इंदौर। अपने कुशल प्रशिक्षण से मध्य प्रदेश में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की पौध तैयार करने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमय खुरासिया अब केरल में खिलाड़ियों को तैयार करेंगे। खुरासिया के अनुभव को देखते हुए केरल क्रिकेट संघ ने उन्हें मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी है। केरल की टीम रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत पंजाब के खिलाफ 11 अक्टूबर से करेगी।

अमय के मार्गदर्शन में केरल टीम त्रिवेंद्रम में अभ्यास में जुटी है। केरल की टीम गत सत्र में नॉकआउट में जगह बनाने से चूक गई थी। इसके बाद से राज्य संगठन प्रदर्शन में सुधार के लिए किसी अनुभवी कोच की तलाश में था। केरल का मुख्य कोच बनने के लिए कई दिग्गजों में होड़ थी। खुरासिया के अलावा आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शान टैट भी इस पद के दावेदार थे। टैट इससे पहले पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं। मगर केरल क्रिकेट संघ ने खुरासिया के प्रशिक्षण के तरीकों पर भरोसा जताया। केरल टीम को कई बड़े नाम कोचिंग दे चुके हैं, जिनमें डेव वाटमोर जैसे दिग्गज शामिल हैं।

बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज रहे अमय वर्ष 2004 से विभिन्न स्तरों पर कोचिंग कर रहे हैं। वे 10 साल तक मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के मुख्य कोच रहे। इस दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज आवेश खान, आक्रामक बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर, मध्य क्रम बल्लेबाज रजत पाटीदार सहित कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया। एक के बाद एक मध्य प्रदेश से खिलाड़ियों के भारतीय टीम में जगह बनाने के बाद अमय बतौर कोच राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए। इनके अलावा कुलदीप सेन, शुभम शर्मा, ईश्वर पांडे, आशुतोष शर्मा सहित कई खिलाड़ियों को उन्होंने तैयार किया, जो बाद में मप्र और आइपीएल जैसी टीमों में छाए।

कई राज्य संगठनों ने किया अपने साथ जोड़ने का प्रयास

आइपीएल में आशुतोष शर्मा जैसे कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन का श्रेय खुरासिया की कोचिंग को दिया। इसके बाद से ही कई राज्य संगठन उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए प्रयासरत थे। इनमें राजस्थान, असम, बड़ौदा आदि राज्य शामिल थे।

खुरासिया का शानदार रिकॉर्ड

बीसीसीआइ के लेवल-सी कोच की शीर्ष प्रशिक्षण डिग्री हासिल कर चुके खुरासिया 119 प्रथमश्रेणी मैचों में 7304 रन बना चुके हैं, जिसमें व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर 238 रन है। लगातार दो घरेलू सत्र में 500 से ज्यादा रन बनाकर वे सुर्खियों में आए थे। 12 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेल चुके खुरासिया 1999 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल थे।

23 जनवरी को मध्य प्रदेश से मुकाबला

केरल को रणजी सत्र में एलीट समूह-सी में स्थान मिला है, जहां पंजाब के अलावा कर्नाटक, बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश की टीमें शामिल हैं। मध्य प्रदेश से मुकाबला 23 जनवरी से खेला जाएगा। केरल की टीम में मध्य प्रदेश के ही हरफनमौला जलज सक्सेना भी शामिल हैं। उनके अलावा सचिन बेबी, बाबा अपराजिथ और संजू सैमसन जैसे नाम केरल टीम में मौजूद हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button