पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, सीएम साय ने जताया शोक

रायपुर।झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने सोमवार सुबह अंतिम सांस ली। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सुबह 8:56 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि शिबू सोरेन को करीब डेढ़ महीने पहले ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उनके शरीर के बाएं हिस्से में लकवा मार गया था। वे एक महीने से अधिक समय से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उनकी देखरेख न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की टीम कर रही थी।
झारखंड की राजनीति में शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरुजी’ के नाम से जाना जाता था। वे आदिवासी अधिकारों की लड़ाई के एक बड़े नेता थे और झारखंड के गठन एवं विकास में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “श्री शिबू सोरेन जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। जनजातीय समुदाय के उत्थान और झारखंड के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!”
उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।




