Forex Trading Gang: ईडी ने 170 करोड़ की संपत्ति जब्त की; 96 लाख कैश-दस्तावेज बरामद

दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा व्यापार के नाम पर मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) स्कीम चलाने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। ईडी ने छापेमारी कर 30 से अधिक बैंक खातों और लाकरों से 170 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
इसके अलावा, 96 लाख रुपये कैश, डिजिटल डिवाइस, और भारतीय व विदेशी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। मास्टरमाइंड नवाब उर्फ लविश चौधरी ने एक वर्ष में निवेशकों का पैसा दोगुना करने का प्रलोभन देकर 210 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इस मामले में 500 निवेशकों को ठगा गया था, जिनमें विभिन्न राज्यों के लोग शामिल थे।
ईडी की छापेमारी और गिरफ्तारियां
ईडी ने शामली, दिल्ली, नोएडा और रोहतक में आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान ट्रेडिंग कंपनियों बोट ब्रो और क्यूएफएक्स ट्रेड की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
20 से अधिक एजेंटों से पूछताछ
ईडी ने नवाब और 20 से अधिक एजेंटों से पूछताछ की है, जो ठगी के नेटवर्क में शामिल थे। हालांकि, इन एजेंटों के नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। ईडी अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
दुबई भागे आरोपितों के खिलाफ लुकआउट नोटिस
मामले में तीन प्रमुख आरोपित दुबई भाग गए थे, जिनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। ये आरोपी लविश चौधरी के साथ मिलकर फॉरेक्स ट्रेडिंग का काम कर रहे थे। ईडी ने पहले ही कई आरोपितों की संपत्तियों को फ्रीज किया है और अब इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।





