वन विभाग का छापा: अवैध सागौन लकड़ी और फर्नीचर बरामद, मशीनें भी जप्त

बालोद। बालोद वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन लकड़ी और फर्नीचर निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम भैसबोड़ निवासी विकास देवांगन अपने घर और घोठिया गांव में अवैध तरीके से सागौन की लकड़ी जमा करके आलीशान फर्नीचर और अन्य सामान बना रहा था। इस पर दल्लीराजहरा वन परीक्षेत्र की टीम और उड़न दस्ता ने सर्च वारंट के तहत दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में सागौन लकड़ी और फर्नीचर बरामद किया। जप्त की गई सामग्री में 36 नग सागौन चिरान, 8 नग सागौन लठ्ठा, 1 नग बीजा लठ्ठा, एक डायनिंग टेबल सेट, 1 सागौन चौखट, 2 सागौन सोफा, 1 सागौन दिवान और 2 सागौन दरवाजे शामिल हैं। कुल 2.233 घन मीटर सागौन लकड़ी बरामद की गई, साथ ही फर्नीचर निर्माण में उपयोग हो रही सभी मशीनें भी जप्त कर ली गई हैं।

दल्लीराजहरा रेंजर सन्तोष ठाकुर ने बताया कि बरामद लकड़ी और फर्नीचर की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार पर रोक लगाने और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध लकड़ी व्यापार या फर्नीचर निर्माण की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इस सफलता के बाद वन विभाग की टीम सतर्कता और निरंतर निगरानी जारी रखेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button