छत्तीसगढ़ में पहली बार वक्फ संपत्तियों का किराया होगा पूरी तरह ऑनलाइन

रायपुर।
छत्तीसगढ़ ने डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश का पहला ऐसा राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां वक्फ संपत्तियों का किराया अब पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के नेतृत्व में इस डिजिटल व्यवस्था को लागू किया गया है।
इस फैसले के तहत प्रदेश के सभी जिलों की मस्जिदों और मदरसों के बैंक खाते ऑनलाइन ओपन करवा दिए गए हैं, जिससे किराएदार अब सीधे इन खातों में किराया जमा करेंगे।
ऑफलाइन भुगतान की सुविधा को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
वक्फ बोर्ड की इस पहल से पारदर्शिता और जवाबदेही में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। मस्जिद और मदरसा पदाधिकारी अब अपने मासिक खर्च का ब्योरा भी ऑनलाइन भेज रहे हैं, जिससे संपत्तियों के सही उपयोग पर निगरानी आसान हो गई है।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की इस अनोखी पहल को पूरे देश में “डिजिटल वक्फ प्रबंधन” का मॉडल माना जा रहा है।





