धुंध और खराब हवा ने रोका मुकाबला, लखनऊ में AQI को लेकर छिड़ी बहस

दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी वायु गुणवत्ता बिगड़ गई है। खराब मौसम, धुंध और कम विजिबिलिटी के चलते भारत और अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच रद्द कर दिया गया। तय समय शाम सात बजे मैच शुरू नहीं हो सका और काफी इंतजार के बाद अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया।
मैच से पहले मैदान पर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को मास्क पहनकर अभ्यास करते देखा गया। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिसके बाद लखनऊ के AQI को लेकर चर्चा तेज हो गई। कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या राजधानी की हवा भी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म aqi.in पर लखनऊ का AQI 400 से अधिक दिखाया गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी माना जाता है। वहीं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष आरपी सिंह ने दावा किया कि सरकारी समीर ऐप पर AQI 174 दर्ज है। उन्होंने कहा कि गूगल और अन्य वेबसाइट का डेटा आधिकारिक नहीं है और समीर ऐप के आंकड़ों को ही मानक माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार यदि AQI 400 के पार चला जाए तो खुले में गतिविधियां करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसी आशंका के चलते हार्दिक पांड्या के मास्क पहनने को लेकर लोग प्रदूषण से जोड़कर देख रहे हैं।
लखनऊ में प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। ठंड के मौसम में टेंपरेचर इनवर्जन के चलते ठंडी हवा नीचे रुक जाती है और प्रदूषक ऊपर नहीं जा पाते। इसके अलावा हवा की रफ्तार कम होना, वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल, औद्योगिक गतिविधियां और पराली जलाने से आने वाला धुआं भी प्रमुख वजह माने जा रहे हैं।
प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। खराब विजिबिलिटी के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में कोहरे की वजह से सड़क हादसों की घटनाएं भी सामने आई हैं।





