उत्तरी छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट, अंबिकापुर में तापमान पहुंचा 5 डिग्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। बीते तीन दिनों से सुबह के समय कई जिलों में जीरो विजिबिलिटी की स्थिति देखी जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले करीब दस दिनों से उत्तर छत्तीसगढ़ में रात का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर देखा जा सकता है। विशेष रूप से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों के एक-दो इलाकों में घने कोहरे के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा दुर्ग संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर चलने की भी जानकारी मौसम विभाग ने दी है।

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 23 दिसंबर को रायपुर में सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई