नर्मदा नदी के घाटों पर तैरते अस्पताल: MP सरकार करेगी नदी एम्बुलेंस का विस्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार नर्मदा नदी के घाटों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में नर्मदा किनारे पानी पर तैरते हुए अस्पताल (फ्लोटिंग हॉस्पिटल) शुरू किए जाएंगे, ताकि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों, परिक्रमावासियों और स्थानीय निवासियों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही नदी एम्बुलेंस सेवा का भी विस्तार किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

फिलहाल आलीराजपुर, धार और बड़वानी जिलों में नदी किनारे बसे गांवों और घाटों पर आपात चिकित्सा सेवाएं देने के लिए नदी एम्बुलेंस का संचालन किया जा रहा है। ये एम्बुलेंस आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार, दवाइयां और जरूरत पड़ने पर मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। अब इस व्यवस्था को और मजबूत करते हुए फ्लोटिंग अस्पताल जोड़े जाएंगे, जिससे इलाज की सुविधा घाटों पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

सरकार का यह कदम विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित और दूरदराज के आदिवासी इलाकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सड़क मार्ग से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना मुश्किल होता है। फ्लोटिंग अस्पताल नदी के सहारे सड़क विहीन गांवों तक पहुंच सकेंगे और वहां रहने वाले लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

नर्मदा नदी के 861 घाटों पर प्रतिदिन करीब 2.5 लाख श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इनमें से 396 सूक्ष्म घाटों पर एक लाख से अधिक, 338 मध्यम घाटों पर करीब 95 हजार और 116 बड़े घाटों पर 65 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रतिदिन आते हैं। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए त्वरित स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत को देखते हुए यह योजना बेहद उपयोगी साबित होगी।

फ्लोटिंग अस्पताल डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और आधुनिक मेडिकल सुविधाओं से लैस होंगे। इनमें प्राथमिक उपचार, आपात चिकित्सा, जरूरी दवाइयां और जांच की व्यवस्था रहेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में ये अस्पताल जीवनरक्षक सिद्ध होंगे।

इसके अलावा नर्मदा घाटों को वेलनेस और योग टूरिज्म के रूप में भी विकसित किया जाएगा। घाटों पर योग, ध्यान केंद्र और पार्क बनाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक स्वास्थ्य के साथ आध्यात्मिक शांति भी प्राप्त कर सकें। सरकार का यह प्रयास नर्मदा परिक्रमा मार्ग को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई