रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट्स लगातार रद्द, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

रायपुर। इंडिगो एयरलाइंस के संचालन में रुकावट का असर अब साफ तौर पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी देखने को मिल रहा है। यह समस्या लगातार पांचवें दिन जारी है। सोमवार को भी माना एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए आने-जाने वाली फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ाया हुआ है। यात्रियों को समय पर सही जानकारी नहीं मिल पाने से लोग एयरपोर्ट पर परेशान होते नजर आए। कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी, तो कुछ ने वैकल्पिक साधनों से सफर किया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। वहां से मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली दो फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं, जिनका समय 11:05 और 11:25 बजे था। वहीं बेंगलुरु से आने वाली एक फ्लाइट तय समय 8:50 बजे की जगह अब 9:15 बजे पहुंचने की जानकारी दी गई है। इस तरह भोपाल एयरपोर्ट पर कुल 13 में से 2 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नागर विमानन महानिदेशालय ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स और एकाउंटेबल मैनेजर इसिड्रो पोर्क्यूरस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीजीसीए ने उड़ानों के बड़े पैमाने पर रद्द होने पर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को मानसिक, आर्थिक और समय से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग जल्द से जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद कर रहे हैं।





