बिलासपुर नगर निगम की पहली सामान्य सभा कल, बजट और विकास पर होगी चर्चा

बिलासपुर। नगर निगम की पहली सामान्य सभा बैठक मंगलवार को टाउन हॉल में आयोजित की जाएगी। इस अहम बैठक की अध्यक्षता पहली बार महापौर पूजा विधानी करेंगी। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी और इसमें 1086 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सहित शहर के विकास से जुड़े कुल आठ प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
पहले घंटे में पार्षदों के सवाल-जवाब, 60 प्रश्न तैयार
सभा की शुरुआत पहले एक घंटे पार्षदों के सवाल-जवाब से होगी। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 30 पार्षदों ने लगभग 60 सवाल जमा किए हैं, जिन्हें तय समय पर बैठक में उठाया जाएगा। निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि बैठक के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक सप्ताह पहले ही नोटिस जारी कर पार्षदों से सवाल मंगवाए गए थे। इन सवालों को लॉटरी सिस्टम से चुना गया है।
महापौर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
महापौर पूजा विधानी ने बताया कि बैठक से पहले बीजेपी पार्षदों की तैयारी बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई थी। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस अब तक अपने नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं कर पाई है, जबकि नगर निगम की ओर से सभी प्रस्तावों को पारित कराने की तैयारी पूरी है। महापौर ने आश्वासन दिया कि शहर के हित में पारदर्शिता के साथ निर्णय लिए जाएंगे और सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।





