आबकारी भवन में आग से जलीं अहम फाइलें: ऑडिट से पहले रिकॉर्ड नष्ट होने पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार की जांच की मांग

राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित आबकारी भवन में आग लगने की घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के वेतन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विभाग में लंबे समय से वेतन कटौती और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। आग की घटना के बाद इन आशंकाओं को और बल मिला है। संगठन का आरोप है कि कर्मचारियों के वेतन में कटौती किसके निर्देश पर की गई और कटे हुए पैसे का उपयोग कहां हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात आबकारी भवन की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। इसी मंजिल पर आबकारी निगम का महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। आग की वजह से कई अहम फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। बताया जा रहा है कि जिस सेक्शन में आग लगी, वहीं विभाग के आय-व्यय से संबंधित ऑडिट प्रस्तावित था।
शनिवार को पूरे दिन ऑडिट की तैयारी के चलते अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही, लेकिन रात में कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद ही आग लग गई। दमकल टीम के पहुंचने तक रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान हो चुका था और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। यूथ कांग्रेस ने इस घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





