बिलासपुर की मूर्ति गली में पहली मंज़िल पर आग, महिलाएं-बच्चे बालकनी से बचाए गए

बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र की मूर्ति गली में सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक मकान की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगने के वक्त घर में केवल महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। जैसे ही कमरे के पास लगी आग ने तेज़ी से फैलना शुरू किया, सभी ने तुरंत बालकनी की ओर भागकर अपनी जान बचाई। पास में ही रहने वाले परिजनों ने बालकनी से सभी को सुरक्षित नीचे उतारा। इस बीच कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
मूर्ति गली निवासी सौरभ प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं, जबकि उनके दो भाई भी उसी घर में रहते हैं। रात करीब आठ बजे अचानक पहली मंजिल के दरवाज़े के पास आग देखी गई, जो धीरे-धीरे पूरे कमरे की ओर बढ़ने लगी। डर के माहौल में महिलाएं और बच्चों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बालकनी का रास्ता पकड़ा और वहीं खड़े होकर मदद का इंतज़ार किया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को खबर दी। थोड़ी ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कमरे में रखा अधिकांश घरेलू सामान जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि घरवालों ने यह भी संभावना जताई कि पूजा में जलाए गए दीये से भी आग भड़क सकती है। फिलहाल सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। चूंकि घटना में किसी की जान नहीं गई, इसलिए अभी तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में अचानक लगी आग से लोगों में दहशत फैल गई। आसपास के मकानों की नज़दीकी को देखते हुए लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोकने में मदद की। समय रहते दमकल पहुंचने से बड़ा हादसा होने से बच गया।





