जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, अनियमितता मिलने पर होगी एफआईआर

मुंगेली जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हर घर जल योजना की प्रगति पर जोर
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने हर घर जल प्रमाणीकरण की स्थिति की जानकारी ली और सभी पात्र परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल प्रदाय पूर्णता के प्रमाण-पत्र संबंधित ग्रामों से समय-सीमा के भीतर प्राप्त किए जाएं। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर संबंधित इंजीनियरों की जवाबदेही तय की जाएगी।
पाइपलाइन कार्यों में अनियमितता पर नोटिस
पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने पर तीनों अनुविभागों के एसडीओ और इंजीनियरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बिना सहमति पाइपलाइन बिछाने और भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने को कहा गया। कलेक्टर ने दोहराया कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
डीडब्ल्यूएसएम की गाइडलाइन की अद्यतन जानकारी नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और सब इंजीनियर तथा एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नल-जल मित्रों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए उन्हें प्रभावी रूप से कार्य में शामिल करने को कहा। इसके अलावा माह के अंत तक सभी रिट्रोफिटिंग कार्यों को पूर्ण करने तथा जर्जर और अनुपयोगी जल टंकियों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





