बिलासपुर में गणतंत्र दिवस की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, सीईओ संदीप अग्रवाल बने मुख्य अतिथि

बिलासपुर। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आज सुबह पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।
रिहर्सल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों से परिचय और पुरस्कार वितरण तक की सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्कूली टुकड़ियों ने अनुशासन के साथ शानदार मार्च पास्ट किया।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह खास रहेगा, क्योंकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहली बार जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, वहीं विभिन्न विभागों की शासकीय योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल से यह स्पष्ट हो गया है कि जिला प्रशासन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस को पूरे गौरव, गरिमा और भव्यता के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।





