किन्नरों के 2 गुटों के बीच जमकर मारपीट, कार्रवाई की मांग को लेकर किया थाना का घेराव

बिलासपुर। शहर में एक बार फिर दो किन्नर गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना से आक्रोशित किन्नरों ने शनिवार को थाना तोरवा का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और न्याय न मिलने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।

यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब तालापारा निवासी मन्नत किन्नर और उसके सहयोगी सुजान खान ने छठ घाट पर राजा किन्नर के सहयोगी के साथ मारपीट की। घटना के दौरान, राजा किन्नर के सहयोगी को न केवल बुरी तरह पीटा गया, बल्कि उसके बाल तक काट दिए गए और जान से मारने की धमकी दी गई। राजा किन्नर ने मीडिया को बताया कि इस घटना के पीछे मन्नत और सुजान का षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि यह हमला उस वक्त हुआ, जब शेजल किन्नर उनकी गाड़ी मांगने आई थी।

राजा किन्नर ने चेतावनी दी कि अगर शेजल किन्नर को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए मन्नत और सुजान पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।इस घटना से गुस्साए किन्नरों ने थाना तोरवा पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राजा किन्नर ने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द न्याय नहीं दिलाया, तो वह बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button