बिलासपुर में दुर्गोत्सव की धूम, पंडालों की भव्यता देखने उमड़ी भीड़

बिलासपुर। नवरात्र पर्व पर बिलासपुर में दुर्गोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। शहर के हर कोने में आकर्षक पंडाल और झांकियां सजाई गई हैं, जिन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।
मसानगंज नवयुवक दुर्गोत्सव समिति ने इस बार खास थीम पर पंडाल बनाया है। यहां माता रानी को गुपचुप थीम पर विराजित किया गया है। पंडाल को 5 लाख गुपचुप, चौकी-बेलन और कढ़ाई-झारा से सजाया गया है, जो लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। वहीं, रेलवे परिक्षेत्र की कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में बने रांची मेंटल हॉस्पिटल थीम के पंडाल की भी खूब चर्चा है।
शहर का सबसे बड़ा आकर्षण आदर्श दुर्गोत्सव समिति गोंड़पारा का पंडाल है। यहां 25 फीट ऊंची देवी प्रतिमा के दर्शन के लिए रोज हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन की भव्यता को लेकर पहले से ही प्रचार-प्रसार किया गया था, जिसकी वजह से प्रदेशभर से लोग यहां पहुंच रहे हैं।
रविवार को नवरात्र पर्व पर सड़कों पर भक्तों की भारी भीड़ रही। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही और ट्रैफिक संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर से लेकर देर रात तक पंडालों में भक्तों का तांता लगा रहा।
बिलासपुर का दुर्गोत्सव इस बार अपनी अनोखी थीम और भव्य पंडालों के कारण पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बन गया है।





