फरवरी में मार्च जैसी गर्मी, कैसा रहेगा यूपी–बिहार में मौसम का हाल? पहाड़ों पर बर्फबारी का अनुमान

दिल्ली। फरवरी के महीने में ही लोगों को मार्च जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड के साथ कोहरा भी देखने को मिल रहा है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों के लिए कई अहम पूर्वानुमान बताए हैं।
राजधानी दिल्ली में दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो जाएगी। 14 और 15 फरवरी को मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है, जबकि इसके बाद 16 और 17 फरवरी को आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम सामान्यतः साफ रहेगा। इन दोनों राज्यों में सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होगा और दिन के समय तेज धूप खिली रहेगी। हालांकि 17 और 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इससे मौसम में थोड़ी नरमी आ सकती है।
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासकर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी और गढ़वाल जिलों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी के बाद मौसम बदलने के आसार हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 17 फरवरी के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कुल छह राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश और तेज आंधी के साथ मौसम के बिगड़ने के संकेत हैं।





