रायपुर: रिलायंस डिजिटल स्टोर से 20 लाख के IPhone चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। महज दो दिनों के भीतर चोरी की दूसरी बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला जीई रोड स्थित रिलायंस डिजिटल स्टोर का है, जहां बीती रात चोरों ने सेंधमारी करते हुए लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्टोर से 17 आईफोन, जिनमें आईफोन 15 प्रो और 16 अन्य मॉडल शामिल हैं, और कई एप्पल वॉच चुरा लीं। चोरी गए इन सामानों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूरी वारदात स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की हरकतें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस चोरी की घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। लोगों का कहना है कि जब बड़े स्टोर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है।





