नौकरी का झांसा देकर पिता-पुत्र ने की 10 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूरजपुर: जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आदिवासी उत्थान संस्थान का फर्जी अध्यक्ष बनकर एक युवक ने अपने पिता के साथ मिलकर दो बेरोजगार युवकों से 10 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक मोहित नेताम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पतरापाली निवासी मुरली मनोहर पटेल और ग्राम सपकरा के रमेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें सब इंस्पेक्टर और फॉरेस्ट गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था।
मुरली ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात पीएचई विभाग में पदस्थ अकाउंटेंट हेमंत नेताम से हुई, जिन्होंने अपने बेटे मोहित नेताम से मिलवाया। मोहित ने खुद को आदिवासी उत्थान संस्थान छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष बताया और मुख्यमंत्री कोटे से नौकरी लगवाने का दावा किया।
मोहित ने मुरली से 7 लाख और रमेश से 3 लाख रुपए लिए, लेकिन जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली और पैसे भी वापस नहीं किए, तब दोनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





