27 साल पहले भारत से गया था परिवार, सिडनी बॉन्डी बीच हमले में सामने आया हैदराबाद कनेक्शन

सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इस हमले में शामिल हमलावरों का संबंध भारत के हैदराबाद से जुड़ा बताया गया है। तेलंगाना के डीजीपी के अनुसार, हमलावर नवीद अकरम के पिता साजिद अकरम मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले थे और उन्होंने करीब 27 साल पहले भारत छोड़ दिया था।
जानकारी के मुताबिक, साजिद अकरम ने हैदराबाद से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी और नौकरी की तलाश में वर्ष 1998 में ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने यूरोपीय मूल की महिला वेनेरा ग्रोसो से शादी की। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा नवीद अकरम बॉन्डी बीच हमले का मुख्य आरोपी बताया गया है, जबकि उनकी बेटी भी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है।
तेलंगाना पुलिस के अनुसार, साजिद अकरम के पास अब भी भारतीय पासपोर्ट है, हालांकि उनके बच्चों का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ और वे वहीं के नागरिक हैं। पुलिस ने बताया कि बीते 27 वर्षों में साजिद का भारत में अपने रिश्तेदारों से बहुत कम संपर्क रहा। ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद वह केवल छह बार भारत आया और अपने पिता के निधन के समय भी भारत नहीं लौटा था।
डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि साजिद अकरम या उनके बेटे के कट्टरपंथी बनने के पीछे भारत या तेलंगाना का कोई संबंध नहीं है। भारत में रहने के दौरान साजिद अकरम के खिलाफ किसी भी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। आवश्यकता पड़ने पर तेलंगाना पुलिस केंद्रीय एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि बॉन्डी बीच पर हुए इस हमले में 16 निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह घटना यहूदी त्योहार हनुक्का के दौरान हुई, जब समुद्र तट पर भारी भीड़ मौजूद थी। हमलावरों ने करीब 20 मिनट तक फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में साजिद अकरम की मौत हो गई, जबकि नवीद अकरम घायल हुआ। पुलिस ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है।





