धमतरी में बड़ी वारदात: ACB अधिकारी बनकर घर में घुसे नकली युवक, लैपटॉप और 8 मोबाइल लूटकर फरार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रुद्री थाना क्षेत्र में 25 नवंबर की शाम करीब 4 बजे कुछ अज्ञात युवक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के अधिकारी बनकर एक घर में घुस गए और लूटपाट कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
पीड़ित महावीर साहू के मुताबिक, तीन से चार युवक अचानक घर में घुस आए और खुद को ACB का बड़ा अधिकारी बताते हुए तलाशी लेने लगे। उन्होंने दावा किया कि वे छापेमारी करने आए हैं, लेकिन उनके पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं थे। इसी बहाने उन्होंने घर की जांच शुरू कर दी।
लैपटॉप और 8 मोबाइल लेकर भागे आरोपी
महावीर साहू ने बताया कि तलाशी के नाम पर आरोपी उनका एक लैपटॉप और 8 मोबाइल फोन ले गए। जब उनसे तलाशी वारंट दिखाने की मांग की गई, तो उन्होंने सुरक्षा का हवाला देकर इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महावीर साहू के भाई से फोन पर ‘सेटलमेंट’ की मांग की और पैसे न देने पर परिवार को जेल भेजने की धमकी दी। संदिग्ध व्यवहार देखकर परिवार को शक हुआ और तुरंत रुद्री थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन से चार युवक घर में घुसते और बाहर जाते दिख रहे हैं। ये फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
रुद्री पुलिस ने महावीर साहू की शिकायत पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ लूटपाट ही नहीं, बल्कि सरकारी विभाग का नाम दुरुपयोग कर लोगों को डराने-धमकाने का गंभीर मामला है।
जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
जिला पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोग डरे हुए हैं और उन्होंने ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि कोई भी सरकारी विभाग का नाम लेकर आम लोगों को ठग न सके।





