दुर्ग में फर्जी बीएसएफ जवान पकड़ा गया, पुलिस लिखी कार जब्त

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने एक फर्जी बीएसएफ जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह (31) के रूप में हुई है, जो पंजाब का निवासी है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी ने खुद का फर्जी पहचान पत्र बनवाया था और अपनी कार पर पुलिस लिखवा रखा था।
यह कार्रवाई मोहन नगर थाना क्षेत्र में की गई। 20 दिसंबर को ग्रीन चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की डिजायर कार को रोका, जिसके सामने अंग्रेजी में पुलिस लिखा हुआ था। जांच के दौरान चालक ने खुद को बीएसएफ का जवान बताया और एक फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की तो पहचान पत्र फर्जी निकला।
पुलिस के अनुसार आरोपी डिजायर कार में घूम रहा था और खुद को बीएसएफ में पदस्थ बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। संबंधित मजिस्ट्रेट को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी कब से फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था और क्या उसने इस दौरान किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम दिया है।





