छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री पार; बस्तर में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्रदेश में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव हो सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में दिन के समय तेज गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 14 और 15 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने 13 से 15 मार्च के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण कुछ स्थानों पर तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है।





