आबकारी आरक्षक भर्ती: 200 पदों की चयन सूची जारी, 43 की प्रतीक्षा सूची भी घोषित

रायपुर। रायपुर में आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक भर्ती की चयन सूची जारी कर दी गई है। यह भर्ती छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर की गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, आबकारी आरक्षक के कुल 200 रिक्त पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा (ABA25) का आयोजन 27 जुलाई 2025 को किया गया था। परीक्षा का अंतिम उत्तर और परिणाम 19 सितंबर 2025 को व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया गया था।
परीक्षा परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार की गई और लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदंड जांच के लिए बुलाया गया। इस प्रक्रिया में 128 अभ्यर्थी या तो अनुपस्थित रहे या अयोग्य पाए गए, जिसके बाद उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 उम्मीदवारों की अंतिम चयन सूची जारी की गई है, जबकि 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (वेटिंग) सूची भी जारी की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षण में पात्र पाए जाने के बाद किया गया है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह व्यापम द्वारा जारी मेरिट क्रम के अनुसार संपन्न की गई है।
उम्मीदवार विस्तृत सूची और अन्य जानकारी के लिए संबंधित विभाग या व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।















