रायपुर में आज से गूंजेगा इंजन का शोर, प्रोफेशनल बाइक राइडर्स दिखाएंगे रोमांचक करतब

रायपुर के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में आज से दो दिनों तक बाइक रेसिंग का रोमांच देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता में देशभर से करीब 115 प्रोफेशनल बाइक राइडर्स हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता का थीम है — ‘सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग, सेफ ड्राइविंग।’
कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्टेडियम के पूरे ग्राउंड को समतल कर जंपिंग और बाधा ट्रैक तैयार किया गया है जिसकी ऊंचाई करीब 3 से 5 फीट रखी गई है। राइडर्स को तेज गति के साथ-साथ ट्रैक पर मौजूद विभिन्न अवरोधों को पार करना होगा। वहीं, फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक तैयार किया गया है, जहां राइडर्स अपने रोमांचक स्टंट्स से दर्शकों का दिल जीतेंगे।
इस प्रतियोगिता में 10 साल से कम उम्र के बच्चों को भी विशेष अनुमति के साथ भाग लेने का मौका दिया गया है। सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एसोसिएशन की टीम निगरानी में रहेगी। खास बात यह है कि देश की सबसे कम उम्र की बाइक राइडर ऐलिना मंसूर, जिन्होंने 9 साल की उम्र में ही नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, अब 14 साल की उम्र में रायपुर में अपने स्टंट्स का प्रदर्शन करेंगी।
नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में यामाहा, टीवीएस और होंडा जैसी नामी कंपनियों के राइडर्स भी अपनी टीमों के साथ पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष उज्ज्वल ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूरी तरह नेशनल सुपरक्रॉस नियमों के तहत कराई जा रही है और सभी सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
रायपुर में आयोजित यह प्रतियोगिता न सिर्फ राज्य में मोटरस्पोर्ट्स को नई पहचान देगी, बल्कि युवाओं में सेफ राइडिंग का संदेश भी प्रसारित करेगी।





