Corporation’s action: वसंत विहार से रपटा तक हटाया गया अतिक्रमण, 120 फीट चौड़ी होगी सड़क

Corporation’s action: बिलासपुर। बिलासपुर शहर के ट्रैफिक सिस्टम और सौंदर्यीकरण को लेकर नगर निगम ने बड़ी पहल शुरू की है। वसंत विहार चौक से लेकर मानसी लॉज तक के पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाया गया है। अब इस क्षेत्र में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से बसंत विहार चौक पर भव्य गार्डन का निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाना है। साथ ही यहां एक वेंडिंग जोन भी विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को सुविधा मिलेगी।
नगर निगम ने इसके लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है और वसंत विहार से अपोलो चौक तक 120 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। सड़क के दोनों ओर 20 फीट की नाली और फुटपाथ भी बनाए जा रहे हैं, जिसके लिए 80 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपोलो हॉस्पिटल रोड पर डिवाइडर भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, अपोलो अस्पताल से रपटा पुल तक की 2.25 किमी लंबी सड़क के निर्माण के लिए 3.27 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। इस मार्ग में आने वाले करीब 300 मकानों को हटाया जाएगा ताकि मास्टर प्लान के अनुसार 80 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा सके। इसके आगे मानसी लाज और रपटा तक तो सड़क सिकुड़ कर 40 फिट भी नहीं रह गई है। इस कारण सड़के बेहद संकरी हो गई हैं। खासकर अपोलो हॉस्पिटल जाने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती थी। बेजा कब्जा करने वालों को कई बार नोटिस जारी हो चुका था, लेकिन राजनैतिक संरक्षण में कोई कार्रवाई नहीं हा पा रही थी।





