मजदूरों का अपहरण करने वाले तीन उग्रवादियों को सेना ने किया ढेर

कोहिमा। अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले के पंगचाओ क्षेत्र से दो निर्माण मजदूरों के अपहरण के बाद भारतीय सेना और असम राइफल्स ने एक संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान एनएससीएन (केवाईए) समूह के तीन उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया और एक मजदूर को सुरक्षित बचा लिया गया।
आपको बता दे, कि 25 अप्रैल की रात को, पंगचाओ क्षेत्र से दो निर्माण मजदूरों का अपहरण कर लिया गया था। इस घटना के बाद भारतीय सेना और असम राइफल्स के जवानों ने 27 अप्रैल को उस इलाके में अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान, सेना और असम राइफल्स के जवानों ने उग्रवादियों से संपर्क किया और एक गोलीबारी के बाद तीन उग्रवादी मारे गए। इनके पास से चार स्वचालित हथियार, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई। इस ऑपरेशन में एक निर्माण श्रमिक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
सेना ने जारी किया बयान
भारतीय सेना की पूर्वी कमान ने बताया कि यह अभियान विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था। सेना ने यह भी कहा कि इस कार्रवाई से इलाके में उग्रवादी गतिविधियों को रोकने में मदद मिलेगी।




