एलन मस्क का X प्लेटफॉर्म डाउन, आधे घंटे बाद फिर हुआ ठीक

एलन मस्क के माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X की सर्विस अचानक ठप हो गई, जिससे दुनियाभर के यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग लॉगिन नहीं कर पा रहे थे, नई पोस्ट शेयर करने या उन पर रिएक्ट करने में दिक्कत हो रही थी। हालांकि, आधे घंटे की तकनीकी खराबी के बाद अब X की सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं।
दुनियाभर में यूजर्स को हुई परेशानी
डाउनडिटेक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में 61% यूजर्स को वेबसाइट पर, 38% को मोबाइल ऐप पर और 1% को लॉगिन में दिक्कत हो रही थी। यूके और यूएसए के यूजर्स को ‘Something went wrong’ का संदेश दिख रहा था, जबकि भारत में 2,500 से अधिक यूजर्स ने शिकायत की कि उन्हें X की वेबसाइट और ऐप दोनों इस्तेमाल करने में समस्या आ रही थी।
USA में हर मिनट 17,000 रिपोर्ट दर्ज
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, यूके में 9,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि यूएसए में हर मिनट 17,000 से अधिक यूजर्स ने समस्या की रिपोर्ट की। इस आउटेज ने दुनियाभर के यूजर्स को प्रभावित किया, जिससे लोग अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की ओर रुख करने लगे।
पहली बार 2025 में हुआ X डाउन
साल 2024 में X की सर्विस कई बार डाउन हुई थी, जिससे यूजर्स को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। कई लोग X छोड़कर अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चले गए थे। हालांकि, 2025 में पहली बार X का इतना बड़ा आउटेज देखने को मिला है।
X के अलावा Facebook-Instagram भी होते हैं डाउन
X के अलावा Facebook और Instagram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स भी समय-समय पर डाउन होते रहते हैं। हालांकि, इस बार भारत में X के आउटेज का खासा असर देखा गया। अन्य देशों में भी इसी तरह की समस्या आई या नहीं, इस पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। फिलहाल, X की सेवाएं फिर से सुचारु रूप से काम कर रही हैं और यूजर्स अब बिना किसी दिक्कत के इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।





