उपभोक्ताओं को झटका दे सकती है बिजली, कटेगी जेब

भोपाल। साल 2025 में मध्य प्रदेश बिजली कंपनी के उपभोक्ताओं की जेब कट सकती है। बिजली कंपनी के अधिकारी टेरिफ महंगा करने की तैयारी कर रहे है। प्रदेश की बिजली कंपनियों ने एक बार फिर घाटा दिखाते हुए बिजली के दाम बढ़ाने की मांग की है।
बिजली कंपनियों की तरफ से एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी ने राज्य विद्युत नियामक आयोग में साल 2025 -26 की टैरिफ याचिका दायर की है। याचिका में कंपनी ने 4 हजार 107 करोड़ रुपयों का घाटा दिखाया और बिजली के दाम औसतन 7.52 फीसदी तक बढ़ाने की मांग की है। कंपनियों की इस मांग पर राज्य विद्युत नियामक आयोग ने आम जनता से 24 जनवरी तक आपत्तियां भी बुलवाई हैं।
नियामक आयोग ने आपत्तियों पर 11 फरवरी से 14 फरवरी तक सुनवाई करना तय किया है। इसके बाद फैसला होगा कि बिजली के दाम कितने बढ़ाए जाएं। नियामक आयोग के द्वारा 24 जनवरी तक जो आपत्तियां बुलाई जा रही हैं, उसमें 11 फरवरी, 13 फरवरी और 14 फरवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई होना है। इसे बंद किया जाए। क्योंकि यह व्यवस्था सिर्फ कोरोना काल के लिए थी।





