रायगढ़ में 5 किमी तक बिछा करंट तार, जंगली सुअर के शिकार की कोशिश नाकाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। बंगुरसिया पश्चिम सर्किल क्षेत्र में शिकारियों ने जंगली सुअर को मारने के लिए खेतों और जंगल में करीब 5 किलोमीटर लंबा करंट का जीआई तार बिछा दिया। यह इलाका हाथी प्रभावित क्षेत्र है, जहां सालभर हाथियों की मौजूदगी रहती है। करंट से न केवल जंगली जानवर, बल्कि ग्रामीणों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा था।

वन विभाग को गुरुवार (7 अगस्त) को सूचना मिलते ही बिजली सप्लाई बंद कर तार हटाया गया। कक्ष क्रमांक 914 की ओर बिछाया गया यह तार 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन से जुड़ा था। करंट की चपेट में आने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। वन अमले ने मौके से तार जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग का अनुमान है कि इस शिकार प्रयास में 5-6 शिकारी शामिल हो सकते हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

बंगुरसिया सर्किल प्रभारी प्रेमा तिर्की ने बताया कि समय पर मुखबिर की सूचना मिलने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई। रात में ही ग्रामीणों की मदद से तार हटाया गया। ग्रामीणों ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। वन विभाग का कहना है कि पहले भी इस क्षेत्र में शिकार के लिए करंट तार लगाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button