19 जनवरी से BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव, नितिन नबीन सबसे आगे

रायपुर/दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 19 जनवरी से शुरू होने जा रही है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इसी दिन नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
फिलहाल पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस पद के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है।
नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावक के रूप में मौजूद रह सकते हैं।
इस चुनाव प्रक्रिया के लिए बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों को दिल्ली बुलाया गया है।
अगर 46 वर्षीय नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे बीजेपी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। यह चुनाव जेपी नड्डा के लंबे कार्यकाल के बाद संगठन में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है।





