तरबूज बाड़ी के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के बरखोरिया करमानाचा बाघडिपा गांव में तरबूज बाड़ी में फसल को नुकसान पहुंचाने के विवाद में एक युवक ने 60 वर्षीय बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हत्या कर दी।
घटना 11 मई की शाम की है, जब गांव के ही विजय माझी (36 वर्ष) ने सहदेव मांझी (60 वर्ष) पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सहदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने बेटे तेजराम माझी को फोन कर घटना की जानकारी दी। तेजराम जब मौके पर पहुंचा, तो उसने अपने पिता की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
12 मई को लैलूंगा पुलिस को शव मिलने की खबर मिली, जिसके बाद उप निरीक्षक इगेश्वर यादव और चंदन नेताम की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद सहदेव मांझी की पहचान की गई और बेटे के बयान के आधार पर आरोपी विजय माझी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय माझी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि तरबूज बाड़ी को नुकसान पहुंचाने के विवाद में उसने सहदेव पर हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार हत्या में इस्तेमाल सब्बल, खून से सने कपड़े और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। विजय माझी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी इगेश्वर यादव, एएसआई चंदन नेताम, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक संत निषाद और सुरेश मिंज की अहम भूमिका रही।





