मुख्यमंत्री ने एनएच-30 सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर जताई सख्ती, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केशकाल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएच-30 बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर और अन्य राज्यों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को केशकाल नगर और केशकाल बायपास के निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूरा कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता और गुणवत्ता प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री कोंडागांव पहुंचे, जहां उन्होंने बिहान योजना के तहत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “मोर सुआद दीदी की रसोई” का अवलोकन किया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर दोनों ने स्थानीय व्यंजन फरा और अंगाकर रोटी का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं से उनकी कार्यप्रणाली और आय के संबंध में जानकारी ली और उन्हें आजीविका सशक्तिकरण के लिए निरंतर सहयोग देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और सरकार ऐसे प्रयासों को आगे भी बढ़ावा देती रहेगी।





