बुजुर्ग मकान मालिक ने किराएदार युवती से किया रेप, गर्भ ठहरने पर दर्द की दवा खिलाई; प्रसव के दौरान मां-बच्चे की मौत

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग मकान मालिक ने अपनी ही किराएदार 22 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की और प्रसव पीड़ा होने पर उसे दर्द की दवा खिलाकर छोड़ दिया। इससे युवती और उसके नवजात बच्चे दोनों की मौत हो गई।
मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी 59 वर्षीय सुनील घरडे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवती अपने परिवार के साथ करीब तीन साल से आरोपी के मकान में किराए पर रह रही थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और युवती की मां मजदूरी कर घर चलाती थी।
आरोपी अक्सर युवती से मजाक के नाम पर बातें करता था और धीरे-धीरे उसे पैसों का लालच देकर अपने प्रभाव में ले आया। इसके बाद उसने कई बार युवती के साथ जबरन संबंध बनाए। डर और बदनामी के कारण युवती यह बात लंबे समय तक किसी को नहीं बता सकी।
कुछ महीनों बाद युवती के पीरियड रुकने पर उसे अपनी गर्भावस्था का पता चला। चार महीने की प्रेग्नेंसी होने पर उसने यह बात अपनी मां को बताई। मां ने आरोपी से इस बारे में बात की तो उसने भरोसा दिलाया कि वह मामला संभाल लेगा और किसी को बताने से मना कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इंटरनेट पर गर्भ गिराने के तरीके खोजता रहा। लेकिन डर और कानूनी कार्रवाई से बचने के कारण वह युवती को डॉक्टर के पास नहीं ले गया।
बताया जा रहा है कि 9 मार्च को युवती को नौवें महीने में प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इस दौरान आरोपी मेडिकल दुकान से दर्द की दवा लेकर आया और युवती को खिला दी। दवा लेने के बाद दर्द और बढ़ गया। कुछ ही देर में बच्चा आधा बाहर आ चुका था और करीब 15 मिनट बाद युवती की तड़पकर मौत हो गई। नवजात की भी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच युवती के रिश्तेदार वहां पहुंचे और हालत देखकर शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमॉर्टम में पता चला कि युवती के गर्भ में लगभग तीन किलो का नवजात शिशु था, जो प्रसव के दौरान फंस गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और युवती के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात कही। लेकिन जब पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो उसमें गर्भपात से जुड़े कई वीडियो सर्च किए जाने का पता चला। इसके बाद कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





