पॉवर कंपनी में अब ई-ऑफिस सिस्टम, अधिकारी ऑनलाइन कर सकेंगे फाइलों का अनुमोदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज में अब कामकाज और तेज़ और आसान हो जाएगा, क्योंकि यहां ई-ऑफिस सिस्टम लागू होने जा रहा है। अब अधिकारी दफ्तर में मौजूद हों या बाहर, वे अपने कंप्यूटर या लैपटॉप से ही फाइलों का अनुमोदन ऑनलाइन कर सकेंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर डंगनिया मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद पॉवर कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने इस सिस्टम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने मंत्रालय में यह व्यवस्था पहले ही लागू कर दी है और यह बेहद सरल और प्रभावी है। अब इसे पॉवर कंपनी के सभी विभागों में अपनाया जाएगा, जिससे भारी-भरकम फाइलें लाने-ले जाने की झंझट खत्म हो जाएगी और समय की बचत होगी।
डॉ. यादव ने यह भी बताया कि पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी जल्द ही पुरानी सामग्रियों और दस्तावेजों के निस्तारण के लिए मैनुअल बनाएगी। पुराने दस्तावेजों को डिजिटल कर सुरक्षित रखा जाएगा और दफ्तरों को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि 2 अक्टूबर से पहले सभी दफ्तरों से कबाड़ और अनावश्यक दस्तावेजों का निपटारा किया जाए।
इस मौके पर प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार, राजेश कुमार शुक्ला, भीम सिंह कंवर, निदेशक आर.ए. पाठक, मुख्य अभियंता ए.एम. परियल और मुख्य सुरक्षा अधिकारी विंग कमांडर ए. श्रीनिवास राव मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुरक्षा निरीक्षक प्रभुशरण सिंह और बैंड दल के ताराचंद बेन के नेतृत्व में परेड की प्रस्तुति दी गई। समारोह का संचालन अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्र ने किया।





