छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल से लागू होगा ई-चालान सिस्टम, भौतिक चालान खत्म

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने भौतिक चालान प्रणाली को समाप्त करने का फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से अब सभी चालान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे।
जिला कोषालय कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत ई-चालान मॉड्यूल में ओटीसी (ओवर द काउंटर) सुविधा लागू की जाएगी। इससे चालान प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि ई-चालान पोर्टल पर चालान भरते समय उसकी जानकारी सीधे संबंधित बैंक को ऑनलाइन भेज दी जाएगी। इससे बैंक स्तर पर दोबारा डेटा एंट्री की जरूरत नहीं पड़ेगी और त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।
इस नई प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने के लिए जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों और नागरिकों को ई-चालान प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और सरकारी प्रक्रियाएं अधिक सरल और तेज बनेंगी।





