दुर्ग: जन समर्पण सेवा संस्था ने 3000 दिन पूरे होने पर किया सकोरा वितरण, महापौर और विधायक ने की सराहना

दुर्ग। गर्मी के मौसम में पक्षियों और जानवरों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था के उद्देश्य से जन समर्पण सेवा संस्था ने शनिवार को सकोरा और कोटना वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम संस्था के 3000 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
पुराना बस स्टैंड में हुए इस आयोजन में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और नगर निगम महापौर अलका बाघमार शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और मानवीयता का प्रतीक है और समाज के लिए प्रेरणादायी भी।
इस मौके पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर में गर्मी के समय पेयजल संकट की समस्या को दूर करने के लिए निगम काम कर रहा है और अगली गर्मी तक सभी वार्डों में पानी की व्यवस्था बेहतर हो जाएगी।
जन समर्पण सेवा संस्था लंबे समय से दुर्ग में सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था के इस प्रयास को स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी खूब सराहा।