दुर्ग साइबर थाना ने लगाई बड़ी सेंध, आंध्रप्रदेश से दो फॉरेक्स ठग गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेंज पुलिस ने 48 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन फॉरेक्स ठगी के मामले में दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध किया गया है। मामले में लेनदेन की अन्य जानकारी, सहयोगियों और बैंक खातों की जांच जारी है।
नौ अक्टूबर 2025 को शिकायतकर्ता ने दुर्ग साइबर थाना में रिपोर्ट दी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनसे कुल 48,67,500 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने पर थाना साइबर सेल ने अपराध क्रमांक 08/2025, धारा 318(4), 336, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच, डिजिटल फॉरेंसिक और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपितों की लोकेशन आंध्रप्रदेश में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विशेष टीम जिला अनकापल्ली भेजी गई और वहां से मुख्य दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में पी. सत्यनागा मूर्ति, उम्र 25 वर्ष, निवासी पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, और बालाजी श्रीनू, उम्र 34 वर्ष, निवासी चिन्ना विधि, तहसील यालामंचली, शामिल हैं।





