दुर्ग: कलेक्टर ने सुशासन तिहार के तहत आवेदनों की समीक्षा शुरू की

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा शुरू हुई। इस दौरान कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग, भिलाई और रिसाली में प्राप्त मांग और शिकायतों के आवेदनों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर सिंह ने रेंडम तरीके से आवेदनों की जांच की। गुणवत्तापूर्ण निराकरण नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों के निराकरण में पारदर्शिता और गुणवत्ता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन कार्ड और पेंशन के मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जल्द से जल्द समाधान करें।

अतिक्रमण हटाने से पहले और बाद की तस्वीरें निराकरण पत्रक में जरूर अपलोड करने के लिए भी कहा गया। प्रस्तावित कार्यों में यह उल्लेख करना जरूरी होगा कि कितने लोग उससे लाभान्वित होंगे। कलेक्टर सिंह ने कहा कि कम लागत में अधिक से अधिक लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, और अधिकारियों को इस दिशा में विशेष ध्यान देना चाहिए।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि निगम कमिश्नर स्वयं निराकरण की गुणवत्ता की जांच करें और निगमवार मांग और निराकरण की संक्षिप्त समरी तैयार करें।

अब तक नगर निगम रिसाली में 995 में से 705 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। नगर निगम भिलाई में 1678 में से 1034 आवेदन सुलझाए गए हैं। वहीं, नगर निगम दुर्ग में 2375 में से 1019 आवेदनों का निराकरण हो चुका है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button