अंबिकापुर में आंधी-बारिश से 7-8 घंटे बिजली गुल, 30 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। रायपुर में सुबह से बूंदाबांदी जारी है, वहीं अंबिकापुर में मंगलवार रात आई आंधी-बारिश से 7-8 घंटे बिजली सप्लाई ठप रही, जिससे आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। बलरामपुर में भी कई जगह तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सरगुजा, रायपुर, दुर्ग, बालोद, धमतरी, कांकेर समेत 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। बस्तर संभाग में अगले पांच दिन दो से तीन स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण यह स्थिति बनी है।
इस महीने बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है, जबकि बाकी जिलों में मानसून की रफ्तार धीमी रही। 1 से 11 अगस्त के बीच सामान्य 152.8 मिमी के मुकाबले केवल 50.8 मिमी बारिश हुई है, जो 67% कम है।
1 जून से अब तक प्रदेश में 678 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1113.5 मिमी, जबकि बेमेतरा में सबसे कम 336.4 मिमी बारिश हुई। जून से जुलाई के बीच 623.1 मिमी बारिश हुई, जो अनुमान से 12% अधिक है। जुलाई में 453.5 मिमी बारिश हुई, जो पिछले 10 सालों में केवल 2016 और 2023 में ही 400 मिमी से अधिक दर्ज हुई थी।





