इंदौर में रणजीत हनुमान प्रभातफेरी के कारण फूटी कोठी से महूनाका तक सुबह तीन बजे से रहेगा ट्रैफिक बंद

इंदौर के प्राचीन रणजीत हनुमान मंदिर से शुक्रवार अल सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के मार्ग और भीड़ को देखते हुए पुलिस ने फूटी कोठी से महूनाका चौराहा तक तड़के तीन बजे से यातायात बंद करने का निर्णय लिया है।
प्रभातफेरी रणजीत हनुमान मंदिर से शुरू होकर द्रविड़ नगर, रणजीत हनुमान रोड, महूनाका चौराहा, अन्नपूर्णा रोड, महावर नगर, उषा नगर चौराहा, दशहरा मैदान के पास गंगेश्वर महादेव मंदिर से होते हुए नरेंद्र तिवारी मार्ग और आदित्य नर्सिंग होम के रास्ते वापस मंदिर पर समाप्त होगी।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। फूटी कोठी चौराहा से चंदन नगर चौराहा और गंगवाल चौराहा की ओर जाकर आगे बढ़ा जा सकता है। जूनी इंदौर और भंवरकुआं की ओर जाने वालों को गोपुर चौराहा और चाणक्यपुरी चौराहा का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
अन्नपूर्णा रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालक चाणक्यपुरी चौराहा से अन्नपूर्णा रोड या लालबाग से केसरबाग रोड का मार्ग ले सकते हैं, क्योंकि प्रभातफेरी के दौरान अन्नपूर्णा रोड से महूनाका की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट चौराहा की ओर से आने वाले भक्त लालबाग परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे। गंगवाल की ओर से आने वाले वाहन सराफा स्कूल एमओजी लाइन और शासकीय स्कूल एमओजी लाइन में पार्क किए जा सकते हैं। अन्नपूर्णा की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन दशहरा मैदान में खड़े कर सकेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बदले हुए मार्गों का उपयोग करें और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।





