दंतेवाड़ा में डीएसपी पर जानलेवा हमला, अपहरण के बाद बेरहमी से पिटाई

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुकमा में पदस्थ डीएसपी तोमेश वर्मा पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोपियों ने उन्हें अगवा कर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा और इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। हमले में डीएसपी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना एचडीएफसी बैंक से जुड़ी बताई जा रही है। डीएसपी के अपहरण और हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डीएसपी पर हमला किस वजह से किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





