होली पर ‘ड्राई डे’ रहेगा लागू: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और सख्त निगरानी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने होली के अवसर पर पूर्व निर्धारित ‘ड्राई डे’ को यथावत लागू रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि घोषित शुष्क दिवस के दौरान प्रदेशभर में मदिरा की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, शुष्क दिवस के दौरान किसी भी दुकान, होटल, रेस्टोरेंट या क्लब में शराब की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि प्रतिबंध के दौरान कहीं भी अवैध विक्रय या वितरण न हो। मुख्यमंत्री ने मदिरा के अवैध परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। अधिकारियों को त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य होली के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है, ताकि प्रदेशभर में त्योहार उल्लास और सद्भाव के साथ संपन्न हो सके।





