नशे में हंगामा: डॉक्टर से बदसलूकी करने वाला युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। कोटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज के लिए पहुंचे दो युवक शराब के नशे में डॉक्टर से बदसलूकी करने लगे। आरोप है कि एक युवक ने महिला डॉक्टर को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना 19 जून की है। खेमचंद लोधी अपने दोस्त हिमांशु साहू के साथ कुत्ते के काटने का इलाज करवाने CHC कोटा आया था। दोनों नशे में थे। स्टाफ नर्स ने खेमचंद को रेबीज का इंजेक्शन दिया और आराम करने को कहा, लेकिन दोनों ने इलाज को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
इस दौरान हिमांशु ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर योगिता साहू के साथ गाली-गलौज की और धमकियां दीं। उन्होंने अस्पताल के काम में भी रुकावट डाली।
डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने हिमांशु साहू के खिलाफ केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में कोटा पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा।





