बिलासपुर:नशे में धुत युवक की पिटाई, गैरेज मालिक समेत अन्य पर मामला दर्ज

बिलासपुर। मंगला चौक स्थित एक गैरेज में देर रात उस समय हंगामा मच गया जब नशे में धुत एक युवक ने वहां खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए। इस घटना के बाद गैरेज मालिक और उसके साथियों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक नशे की हालत में गैरेज के पास पहुंचा और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। इसी दौरान उसने वहां खड़ी एक कार के शीशे पर जोरदार हमला कर उसे तोड़ दिया। यह देखकर गैरेज मालिक और उसके साथियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना के बाद घायल युवक किसी तरह वहां से भाग निकला और अगले दिन सीधे सिविल लाइन थाने पहुंचा। युवक ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और गैरेज मालिक व अन्य आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया और गैरेज मालिक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी सिविल लाइन एस.आर. साहू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शहर में नशे की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बन रही हैं। प्रशासन इस पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन इस तरह की घटनाएं अब भी सामने आ रही हैं।





