रायपुर में पहली बार ड्राइव-इन मूवी का अनोखा अनुभव, 21 दिसंबर से नया रायपुर में होगी शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार एंटरटेनमेंट का एक नया और खास अनुभव शुरू होने जा रहा है। रायपुर की एमएसएमई कंपनी द फरेबिस (The Farebis) ने नया रायपुर में ड्राइव-इन मूवी शो आयोजित करने का फैसला किया है। यह आयोजन नया रायपुर के सेंध लेक ग्राउंड में होगा।

ड्राइव-इन मूवी का पहला शो रविवार, 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद वीकेंड और खास मौकों पर लगातार ऐसे शो किए जाएंगे। पहले शो में दर्शकों को बॉलीवुड की क्लासिक फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ दिखाई जाएगी, जो अपनी रिलीज के 30 साल पूरे कर रही है। यह शो शाम 5:45 बजे शुरू होगा। वहीं, इसी दिन फिल्म ‘मोहब्बतें’ के सिल्वर जुबली वर्ष के अवसर पर रात 10:25 बजे दूसरा शो भी रखा गया है।

द फरेबिस की फाउंडर अनंता जायसवाल ने बताया कि खुले आसमान के नीचे, झील के किनारे और सितारों की रोशनी में फिल्म देखना लोगों के लिए एक बिल्कुल नया और यादगार अनुभव होगा। विशाल एलईडी वॉल पर फिल्म दिखाई जाएगी और दर्शक अपनी कार में बैठे-बैठे इसका आनंद ले सकेंगे।

फिल्म का ऑडियो रेडियो ट्रांसमिशन के जरिए सीधे कार के एफएम सिस्टम पर सुना जा सकेगा। इसके अलावा सराउंड साउंड का मजा लेने के लिए बाहर फ्लोर साउंड की सुविधा भी रहेगी। यह देश का इकलौता डबल ऑडियो सिस्टम ड्राइव-इन मूवी मॉडल बताया जा रहा है।

इस शो में दर्शक अपनी कार में बैठे-बैठे चाइनीज और कॉन्टिनेंटल फूड के साथ हॉट और कोल्ड ड्रिंक्स का भी लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए देश के नामी शेफ्स द्वारा खास मेनू तैयार किया गया है।

शो की टिकटिंग पार्टनर Find Your Wibe है, जो रायपुर का ही टिकटिंग प्लेटफॉर्म है। टिकट शुल्क में जीएसटी और प्लेटफॉर्म फीस शामिल होगी, कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा। टिकट प्रति कार के हिसाब से होगी और कार में बैठने वालों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी। ऑन-द-स्पॉट टिकट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

द फरेबिस के को-फाउंडर मयंक वर्मा ने बताया कि पहले शो के लिए गेट शाम 4 बजे और दूसरे शो के लिए रात 9:15 बजे खोले जाएंगे। एंट्री और एग्जिट की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। नशे की हालत में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा और प्रशासन के निर्देशों के अनुसार बाहर से खाने-पीने की चीजें और पालतू जानवर लाने की अनुमति नहीं होगी।

यह छत्तीसगढ़ में द फरेबिस ग्रुप का पहला आयोजन है। आने वाले समय में वीकेंड और खास अवसरों पर ऐसे और भी ड्राइव-इन मूवी शो और बड़े इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जानकारी जल्द दी जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button