बारिश से पहले नालों की सफाई का निरीक्षण, महापौर और आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर। नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप ने शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश पूर्व नालों की सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पार्षद, जोन अध्यक्ष और निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जोन 5 और 6 के कई इलाकों जैसे कुशालपुर, पचपेड़ी नाका, धरम नगर, छत्तीसगढ़ नगर, संतोषी नगर और संजय नगर बकरा मार्केट के नालों की सफाई की स्थिति को देखा गया। महापौर और आयुक्त ने जगह-जगह सफाई में लापरवाही पर नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नालों की सफाई 30 मई तक हर हाल में पूरी की जाए।
संजय नगर बकरा मार्केट में नाले पर किए गए अतिक्रमण पर भी महापौर ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी करने और कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं पचपेड़ी नाका में मार्बल लाइन नाले की गहराई तक सफाई करने और नाले पर डाले गए अवैध पाटों को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
महापौर ने कहा कि जहां-जहां नालों की सफाई में रुकावट हो रही है, वहां पाटों को तोड़कर रास्ता साफ किया जाए ताकि बारिश में पानी निकासी में कोई दिक्कत न हो। साथ ही, कुशालपुर के छुईया तालाब की भी जल्द सफाई करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की यह पहल मानसून से पहले शहर को जलभराव से बचाने के लिए की जा रही है।





