UCC पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का समर्थन, कांग्रेस ने साधा निशाना

रायपुर। देश में प्रस्तावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने खुलकर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि “एक देश, एक संविधान और एक कानून” का पालन होना चाहिए। उनके इस बयान पर जहां भाजपा ने समर्थन दिया, वहीं कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

“देश संविधान से चलेगा” – डॉ. सलीम राज

डॉ. सलीम राज ने कहा कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष होने के नाते वह मानते हैं कि पूरे देश में एक समान कानून लागू होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “यह देश किसी मुस्लिम या ईसाई रीति-रिवाज से नहीं, बल्कि संविधान से चलेगा। जाति और धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन कानून एक होना चाहिए। दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि यूसीसी देश में तत्काल लागू होना चाहिए और देश कानून के आधार पर चलना चाहिए, न कि किसी एक समुदाय की परंपराओं के आधार पर।

वंदे मातरम पर भी जताया समर्थन

डॉ. सलीम राज ने वंदे मातरम गीत की अवधि 65 सेकंड से बढ़ाकर 3 मिनट 10 सेकंड किए जाने और गान के दौरान खड़े होने के फैसले का भी समर्थन किया।

उन्होंने कहा, “यह मुगल राज या अकबर-बाबर का शासन नहीं है, यह राम राज्य का शासन है। वंदे मातरम राष्ट्रगीत है और सरकार का फैसला स्वागत योग्य है।”

कांग्रेस का पलटवार

डॉ. सलीम राज के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर बयान दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. सलीम राज का मुस्लिम समाज में कोई जनाधार नहीं है और वे भाजपा से जुड़े होने के कारण इस पद पर हैं।

कांग्रेस ने कहा कि मुस्लिम लॉ की जरूरत है या नहीं, इसका फैसला संसद को करना है, न कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष को।

भाजपा का समर्थन

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने डॉ. सलीम राज के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने सही बात कही है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के रूप में डॉ. सलीम राज इस विषय पर अपनी राय रखने के लिए सक्षम हैं।

यूसीसी को लेकर प्रदेश की राजनीति में अब बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई